डेस्क : नोएडा के सेक्टर-108 स्थित डिवाइन मीडोज सोसाइटी में रविवार शाम 24 वर्षीय नवविवाहिता कामिनी कुमारी ने कथित तौर पर 16वीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। शादी को महज 29 दिन हुए थे। घटना के बाद मायके वालों ने उसके पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कामिनी मूलरूप से उत्तर प्रदेश के एटा की रहने वाली थी। उसकी शादी 11 जुलाई को देहरादून निवासी मंथन धीमान से हुई थी। शादी के बाद दोनों सेक्टर-108 की डिवाइन मीडोज सोसाइटी के लिली टावर स्थित एक किराये के फ्लैट में रह रहे थे। कामिनी पहले बीपीओ में नौकरी करती थी, जबकि उसका पति एक निजी कंपनी में वीडियो एडिटर है।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कामिनी ने 16वीं मंजिल से छलांग लगा दी। तेज आवाज सुनकर सोसाइटी के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पति ने बताया अवसाद का इलाज चल रहा था
पुलिस पूछताछ में पति मंथन ने बताया कि कामिनी पिछले कुछ समय से अवसाद में थी और उसका इलाज चल रहा था। हालांकि, पुलिस के मुताबिक इलाज से संबंधित दस्तावेज तत्काल उपलब्ध नहीं कराए जा सके। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।
मायके वालों ने लगाए दहेज प्रताड़ना के आरोप
कामिनी की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके मायके वाले नोएडा पहुंचे। परिजनों ने पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कामिनी की मौत सामान्य घटना नहीं है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पुलिस ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।








