डेस्क : अभिनेता आर माधवन इन दिनों अपनी फिल्म ‘धुरंधर’ और उसके सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म को लेकर जहां एक वर्ग इसे कथित तौर पर ‘प्रोपेगेंडा’ बता रहा है, वहीं माधवन ने इन आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब तक किसी भी राजनीतिक दल ने उन्हें पार्टी में शामिल होने या चुनाव प्रचार के लिए संपर्क नहीं किया है।
किसी पार्टी ने नहीं किया संपर्क
आर माधवन ने ‘गलाटा प्लस’ को दिए इंटरव्यू में राजनीति से जुड़े सवालों पर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि तमिलनाडु हो या राष्ट्रीय स्तर की कोई राजनीतिक पार्टी, अब तक किसी ने उन्हें चुनाव प्रचार करने या पार्टी में शामिल होने के लिए संपर्क नहीं किया है।
अभिनेता ने कहा कि उन्हें बचपन से ही सिखाया गया है कि देश सबसे महत्वपूर्ण है और देश के लिए किया जाने वाला काम भी अहम है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने अपने किसी इंटरव्यू में किसी राजनीतिक दल, नेता या राजनेता के बारे में बुरा नहीं कहा। इसके बजाय वे अलग-अलग दलों से जुड़े नेताओं की उपलब्धियों की सराहना करते रहे हैं।
चुने हुए नेताओं का समर्थन करना फर्ज
माधवन ने कहा कि जब किसी नेता को जनता चुनकर प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री बनाती है, तो उसका समर्थन करना उनका फर्ज है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इसका मतलब किसी राजनीतिक दल से जुड़ना नहीं है।
अभिनेता के मुताबिक, अगर किसी बात को लेकर उन्हें संदेह होता है तो वे उस विषय पर टिप्पणी करने से बचते हैं। उनका जोर इस बात पर रहा कि उनकी सार्वजनिक राय किसी राजनीतिक दल से जुड़ी हुई नहीं है।
‘भारत की अच्छी बातों को बढ़ावा देना अपराध नहीं’
‘धुरंधर’ को लेकर लग रहे प्रोपेगेंडा के आरोपों पर माधवन ने कहा कि वह एक अभिनेता हैं और उनका काम चीजों को उसी तरह प्रस्तुत करना है, जैसी वे हैं। उन्होंने कहा कि भारत की अच्छी बातों को सामने रखना या देश की उपलब्धियों को बढ़ावा देना कोई अपराध नहीं हो सकता।
माधवन ने इससे पहले भी फिल्म को लेकर हो रही आलोचना पर सवाल उठाते हुए कहा है कि भारतीय पहचान और देश के बारे में सकारात्मक बातें करना गलत नहीं होना चाहिए।
‘धुरंधर’ में निभाया अहम किरदार
आर माधवन ने आदित्य धर की ‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में अजय सान्याल का किरदार निभाया है। यह किरदार राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल के व्यक्तित्व और जीवन से प्रेरित बताया गया है। फिल्म में रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त और अर्जुन रामपाल समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं।
माधवन के राजनीतिक रुख पर दिए गए बयान ऐसे समय में आए हैं, जब ‘धुरंधर’ को लेकर सोशल मीडिया और फिल्म जगत में इसके कथित राजनीतिक नजरिए पर बहस चल रही है।








