डेस्क : उत्तराखंड में मानसून का रौद्र रूप जारी है। मंगलवार को भी राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 11 जिलों में चेतावनी दी है। कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। राज्य आपदा प्रबंधन तंत्र को अलर्ट पर रखा गया है।
लगातार बारिश के बीच देहरादून में एक मकान गिर गया। हालांकि, हादसे में परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए। वहीं, नीती घाटी में बैली ब्रिज बहने के बाद अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। इसके चलते रुद्रप्रयाग समेत आसपास के इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
चारधाम यात्रा मार्गों पर भी नजर
मौसम विभाग ने केदारनाथ, बदरीनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री समेत चारधाम यात्रा से जुड़े कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है। चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कई इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
नौ जिलों में येलो अलर्ट
मंगलवार को उत्तरकाशी, पौड़ी, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, टिहरी, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय जिलों और हरिद्वार में आकाशीय बिजली गिरने तथा बारिश के तीव्र दौर की भी चेतावनी है।
नदी-नालों से दूर रहने की अपील
लगातार बारिश से बरसाती नदी-नालों का जलस्तर और बहाव बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों को नदी और नालों के किनारे जाने से बचने की सलाह दी है। बीते दिनों देहरादून के विभिन्न इलाकों में तेज बहाव के कारण हादसे भी सामने आए हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान में भी उत्तराखंड में 11 से 15 अगस्त के दौरान भारी बारिश की संभावना जताई गई है और कुछ क्षेत्रों में अचानक बाढ़ का खतरा बताया गया है।








