डेस्क : अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य तनाव के बीच ईरान ने अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाने के लिए बड़ा इनाम घोषित किया है। ईरानी सेना प्रमुख अमीर हातमी ने घोषणा की है कि किसी अमेरिकी सैन्यकर्मी को मारने या पकड़कर ईरानी सेना को सौंपने वाले व्यक्ति को 30 हजार डॉलर (करीब 27-28 लाख रुपये) का इनाम दिया जाएगा। महिलाओं के लिए यह राशि दोगुनी यानी 60 हजार डॉलर रखी गई है।
ईरानी सेना प्रमुख के मुताबिक, यह योजना उन लोगों की बड़ी संख्या में आई मांगों के बाद तैयार की गई है, जो अमेरिकी सैनिकों के खिलाफ कार्रवाई में शामिल होना चाहते थे। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सैन्यकर्मी को पकड़ने या मारने वाले व्यक्ति को 30 हजार डॉलर अथवा 5 अरब ईरानी तोमान की राशि दी जाएगी। हालांकि, घोषणा में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि इस इनाम को हासिल करने के लिए कार्रवाई कहां या किस परिस्थिति में की जानी होगी।
हथियार के लिए भी अलग इनाम
रिपोर्ट के अनुसार, हातमी ने यह भी कहा कि अमेरिकी सैनिक को मारने में इस्तेमाल किए गए हथियार को दोगुनी कीमत पर खरीदा जाएगा और कार्रवाई करने वाले व्यक्ति को नया हथियार दिया जाएगा। इस्तेमाल किए गए हथियार को भविष्य में एक प्रस्तावित संग्रहालय में रखने की बात भी कही गई है।
अमेरिका से क्षेत्र छोड़ने की मांग
ईरानी सेना प्रमुख ने अमेरिका पर सैन्य शक्ति को लेकर किए जा रहे दावों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ईरान चाहता है कि अमेरिका फारस की खाड़ी, ओमान की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य से पीछे हटे। यह बयान ऐसे समय आया है जब होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ा हुआ है।
युद्ध में 17 अमेरिकी सैन्यकर्मियों की मौत
NDTV की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका-ईरान युद्ध शुरू होने के बाद अब तक 17 अमेरिकी सैन्यकर्मियों की मौत हुई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इन सभी की मौत ईरान के बाहर हुई है, जिनमें इराक और जॉर्डन जैसे देश शामिल हैं। दोनों देशों के बीच संघर्ष और युद्धविराम की स्थिति फिलहाल बेहद नाजुक बनी हुई है।








