बेटे पर टूट पड़ा तेंदुआ, डंडा लेकर भिड़ गया पिता; पांच मिनट के संघर्ष के बाद बचाई जान

0

डेस्क : उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक पिता ने अपनी जान की परवाह किए बिना तेंदुए से भिड़कर बेटे की जान बचा ली। नजीबाबाद क्षेत्र के सहानपुर रेंज स्थित मोथला उर्फ नीम वाली वन क्षेत्र में रविवार सुबह पशु चराने गए 33 वर्षीय रफी पर अचानक गुलदार ने हमला कर दिया। बेटे की चीख सुनकर करीब 250 मीटर दूर मौजूद उसके 65 वर्षीय पिता गुलाम नबी डंडा लेकर मौके पर पहुंच गए और गुलदार से भिड़ गए। करीब पांच मिनट तक चले संघर्ष के बाद गुलदार रफी को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया।

घात लगाकर बैठे गुलदार ने किया हमला

जानकारी के अनुसार, रफी अपने परिवार के साथ जंगल क्षेत्र में डेरा बनाकर रहते हैं। रविवार सुबह करीब आठ बजे वह गाय-भैंस चराने के लिए जंगल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घात लगाकर बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला कर दिया। गुलदार ने रफी को दबोच लिया। रफी ने बचाव के लिए शोर मचाया। उनकी चीख सुनकर पिता गुलाम नबी डंडा लेकर वहां पहुंचे।

पिता ने देखा कि गुलदार उनके बेटे पर हमला कर रहा है। उन्होंने बिना डरे डंडे से गुलदार पर प्रहार करना शुरू कर दिया। गुलदार ने उन्हें डराने के लिए कई बार घुर्राया, लेकिन गुलाम नबी पीछे नहीं हटे। करीब पांच मिनट तक दोनों के बीच संघर्ष चलता रहा। आखिरकार गुलदार रफी को छोड़कर जंगल में भाग गया।

हाथ और कंधे पर आई चोट

गुलदार के हमले में रफी के हाथ और कंधे पर पंजों के निशान आए हैं। शरीर से खून निकलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। रफी ने बताया कि यदि उनके पिता समय पर नहीं पहुंचते तो उनकी जान बचना मुश्किल था।

वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क

घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय वन अधिकारी विकास कुमार और वन दरोगा मोहित कुमार मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वन दरोगा के अनुसार, जंगल क्षेत्र में रहने वाले वन गुर्जरों को पहले भी जंगल में न रहने की सलाह दी जाती रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पिंजड़ा लगाना संभव नहीं है।

स्थानीय पशुपालकों का कहना है कि यह गुलदार पिछले काफी समय से डेरों के आसपास घूम रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और गुलदार की निगरानी बढ़ाने की मांग की है।