टारगेट किलिंग से पहले पुलिस से भिड़े हिमांशु भाऊ गैंग के शूटर, दोनों घायल

0

डेस्क : दिल्ली के बक्करवाला इलाके में गुरुवार को दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और रोहतक पुलिस की संयुक्त टीम की हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े दो कथित शूटरों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी एक व्यक्ति की टारगेट किलिंग को अंजाम देने के इरादे से इलाके में पहुंचे थे। मुठभेड़ के दौरान दोनों गोली लगने से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि हिमांशु भाऊ गैंग के कुछ सदस्य बक्करवाला इलाके में किसी व्यक्ति की हत्या करने के लिए पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और रोहतक पुलिस की टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान एक संदिग्ध महिंद्रा थार को पुलिस ने रुकने का इशारा किया।

पुलिस के मुताबिक, चालक ने वाहन रोकने के बजाय भागने की कोशिश की। पीछा करने के दौरान थार एक वाहन से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसके बाद उसमें सवार दोनों युवक वाहन छोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने उन्हें आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि दोनों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने करीब आठ राउंड गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए। इसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया।

दो ग्लॉक पिस्टल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो ग्लॉक पिस्टल बरामद की हैं। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। गिरफ्तार आरोपियों में 19 वर्षीय समीर, निवासी रोहतक, की पहचान हुई है। दूसरे आरोपी की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। कुछ पुलिस सूत्रों के अनुसार दूसरा आरोपी नाबालिग है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों का निशाना कौन था, उन्हें हथियार कहां से मिले और टारगेट किलिंग की साजिश में गैंग के और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की जांच जारी है।