डेस्क : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने शुक्रवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के संसद मार्ग स्थित पुलिस थाने के बाहर धरने को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ‘अराजकता की राजनीति’ कर रही है और वंदे मातरम् विवाद से जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की राजनीति की जा रही है।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी बिना पूर्व सूचना और अनुमति के संसद मार्ग पुलिस थाने के बाहर धरने पर बैठे हैं। उन्होंने कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लोकसभा में विपक्ष के नेता अराजकता की राजनीति कर रहे हैं।”
भाजपा नेता ने दावा किया कि जिस घटना को लेकर राहुल गांधी एफआईआर दर्ज कराने की मांग कर रहे हैं, उसमें पुलिस पहले ही मामला दर्ज कर जांच कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले की स्वतंत्र जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति गठित की है। ऐसे में राहुल गांधी को कानून और जांच प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए।
रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि कांग्रेस वंदे मातरम् को लेकर अपने रुख के कारण राजनीतिक रूप से घिर गई है और अब वह मुद्दे से ध्यान हटाने के लिए प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की मौजूदा गतिविधियों की निंदा की।
पीड़ित युवक के साथ थाने पहुंचे राहुल
राहुल गांधी शुक्रवार को 20 जुलाई को नई दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन से घायल हुए युवक साहिल लोचब के साथ संसद मार्ग पुलिस थाने पहुंचे। राहुल गांधी ने पुलिस से मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उनके साथ प्रियंका गांधी वाड्रा, जयराम रमेश, सलमान खुर्शीद, कुमारी शैलजा और देवेंद्र यादव समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि साहिल को शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से चोट लगी और उसकी एक आंख की रोशनी प्रभावित होने का खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक की शिकायत पर एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही है।
राहुल गांधी ने कहा कि इस मामले में न्यायिक जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पीड़ित साहिल और ऐसे अन्य छात्रों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस संघर्ष जारी रखेगी।
पहले भी पुलिस से शिकायत का दावा
कांग्रेस के अनुसार, साहिल लोचब ने 14 अगस्त को अपने वकीलों के साथ दिल्ली पुलिस से संपर्क कर लिखित शिकायत दी थी। पार्टी का दावा है कि शिकायत के बाद उन्हें न तो आईओ नंबर दिया गया और न ही उसकी प्राप्ति की पुष्टि की गई। इसके बाद 17 अगस्त को ईमेल और फोन के माध्यम से भी शिकायत को आगे बढ़ाया गया।
शुक्रवार को राहुल गांधी पहले मंदिर मार्ग थाने पहुंचे और मामले में शिकायत दर्ज करने की मांग की। इसके बाद वह मध्य जिले के डीसीपी से मिलने पहुंचे और बाद में संसद मार्ग पुलिस थाने पहुंचे।
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि राहुल गांधी एफआईआर दर्ज होने तक धरने पर बैठे हैं और पार्टी के नेता उनके समर्थन में यहां आए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि राहुल गांधी को न्याय मिलेगा।
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने 29 जुलाई को भी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया था कि नीट पेपर लीक और अन्य मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पैलेट गन से गोली चलाई गई थी। उन्होंने इस घटना के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए थे।







