पीओके में बिगड़े हालात पर ब्रिटिश सांसदों की चिंता, संयुक्त राष्ट्र से मांगा हस्तक्षेप

0

डेस्क : पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में बिगड़ते हालात को लेकर ब्रिटेन के ७० से अधिक सांसदों ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। सांसदों ने क्षेत्र में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और हिंसा रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने की अपील की है।

सांसदों ने पत्र में कहा कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में हिंसा, मौतों, मनमानी गिरफ्तारियों, संचार प्रतिबंधों और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में बाधा जैसी घटनाओं को लेकर गंभीर चिंता है। उन्होंने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग भी की है।

सांसदों के अनुसार, ब्रिटेन में रहने वाले कश्मीरी परिवार लगातार पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में अपने रिश्तेदारों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र से स्थिति पर नजर रखने और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए हस्तक्षेप करने की अपील की।

संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त वोल्कर तुर्क भी पहले क्षेत्र में प्रदर्शनकारियों की मौतों की निष्पक्ष जांच की मांग कर चुके हैं। उन्होंने इंटरनेट प्रतिबंधों, शांतिपूर्ण प्रदर्शन और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर लगाई गई पाबंदियों को लेकर भी चिंता जताई थी।