पारादीप पोर्ट से निकला मालवाहक जहाज समुद्र में डूबा, रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी भारतीय नौसेना

0

डेस्क : ओडिशा के पारादीप तट से करीब 240 समुद्री मील दूर बंगाल की खाड़ी में पनामा के झंडे वाला एक मालवाहक जहाज डूब गया। जहाज पर चालक दल के 24 सदस्य सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही भारतीय तटरक्षक बल और भारतीय नौसेना ने बड़े पैमाने पर खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, एमवी ओशन विनर नामक यह जहाज पारादीप बंदरगाह से रवाना हुआ था और ओडिशा से लौह अयस्क लेकर सिंगापुर जा रहा था। जहाज पर 20 चीनी नागरिक, तीन म्यांमार के नागरिक और एक बांग्लादेशी नागरिक समेत कुल 24 लोग सवार थे।

अधिकारियों के अनुसार, 22 अगस्त को जहाज से संपर्क टूटने की सूचना मिलने के बाद समुद्री बचाव समन्वय केंद्र ने तत्काल अभियान शुरू किया। अब तक दो चालक दल सदस्यों को लाइफ राफ्ट से सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि बाकी 22 लोगों की तलाश जारी है।

बचाव अभियान के लिए भारतीय तटरक्षक बल ने वरद, अनमोल और विजित समेत कई जहाजों को तैनात किया है। क्षेत्र में मौजूद अन्य जहाजों को भी सतर्क कर दिया गया है, ताकि समुद्र में किसी भी संभावित जीवित व्यक्ति का पता लगाया जा सके।

जहाज के डूबने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। संबंधित एजेंसियां राहत एवं बचाव अभियान के साथ-साथ हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं।