डेस्क : अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव अब आर्थिक मोर्चे पर भी तेज होता दिख रहा है। ईरान ने उन देशों को कड़ी चेतावनी दी है, जो अमेरिका की ओर से शुरू की गई आर्थिक मुहिम और प्रतिबंधों में शामिल होंगे। ईरान ने साफ कहा है कि ऐसे देशों को वह अपना दुश्मन मानेगा।
ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के प्रमुख मोहन रेजाई ने शनिवार को सरकारी टेलीविजन पर कहा कि सभी देशों को अमेरिका की ओर से ईरान के खिलाफ चलाए जा रहे आर्थिक युद्ध से दूर रहना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जो देश ईरान पर आर्थिक पाबंदियां लगाने में भाग लेंगे, उन्हें दुश्मन माना जाएगा।
रेजाई ने कहा कि ईरान पहले ऐसे देशों से अमेरिका से दूरी बनाने की अपील करेगा, लेकिन अगर वे अमेरिकी अभियान का हिस्सा बने रहे तो ईरान उनके हितों को निशाना बना सकता है। उन्होंने यह भी दावा किया कि अब तक ईरान ने अमेरिकी आर्थिक हितों पर हमला नहीं किया है और उसके हमले मुख्य रूप से सैन्य ठिकानों तक सीमित रहे हैं।
अमेरिका पर भी पलटवार की धमकी
रेजाई ने कहा कि यदि अमेरिका ईरान पर आर्थिक प्रतिबंधों को और कड़ा करता है, तो ईरान अमेरिकी तेल और आर्थिक कंपनियों को निशाना बना सकता है। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अमेरिका ने कार्रवाई की तो टकराव “भूकंप जैसी ताकत” के साथ होगा।
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी चेतावनी
ईरान ने पड़ोसी देशों को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है। रेजाई ने कहा कि अगर क्षेत्र के देश अमेरिकी आर्थिक अभियान में शामिल होते हैं, तो ईरान उनके हितों को निशाना बनाएगा और फारस की खाड़ी तथा होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल निर्यात को रोक सकता है। यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर पहले से ही वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर चिंता बनी हुई है।
अमेरिका की ओर से ईरान को आर्थिक रूप से अलग-थलग करने के प्रयासों में उसके सहयोगियों और चीन को भी शामिल होने के लिए कहा गया है। हालांकि चीन ने अमेरिकी पहल की आलोचना की है और कहा है कि प्रतिबंधों से मध्य पूर्व का संघर्ष हल नहीं होगा। वहीं, संयुक्त अरब अमीरात ने मंगलवार को ईरान के साथ व्यापार और वित्तीय लेनदेन को अगले आदेश तक रोकने की घोषणा की थी।
इस घटनाक्रम से अमेरिका-ईरान संघर्ष के आर्थिक और क्षेत्रीय विस्तार की आशंका बढ़ गई है, खासकर तब जब होर्मुज जलडमरूमध्य और खाड़ी क्षेत्र वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।








