बिकिनी में भाई को राखी क्यों? कृति सेनन के विज्ञापन पर भड़कीं कंगना रनौत

0

डेस्क : अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने अभिनेत्री कृति सेनन के रक्षाबंधन से जुड़े एक विज्ञापन पर सवाल उठाए हैं। विज्ञापन में कृति सेनन ब्रालेट स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट पहने नजर आ रही हैं। विज्ञापन में वह एक कुत्ते को राखी बांधती दिखाई देती हैं। इसे लेकर सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ी हुई है।

कंगना ने उठाया कपड़ों पर सवाल

कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए विज्ञापन पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आज महिलाओं के पास पहनावे के कई विकल्प मौजूद हैं। ऐसे में उन्होंने सवाल किया कि भाई को राखी बांधते समय बिकिनी या अंडरगारमेंट्स जैसे कपड़े पहनने की जरूरत क्यों है।

कंगना ने विज्ञापन की स्टाइलिंग पर सवाल उठाते हुए इसे ‘जानबूझकर अजीब और असहज करने वाला’ बताया। हालांकि उन्होंने अपनी पोस्ट में कृति सेनन का सीधे नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी टिप्पणी को कृति के इसी विज्ञापन से जोड़कर देखा जा रहा है।

विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर भी विवाद

रक्षाबंधन के मौके पर जारी इस विज्ञापन में कृति सेनन को आधुनिक परिधान में त्योहार मनाते दिखाया गया है। विज्ञापन के सामने आने के बाद सोशल मीडिया के एक वर्ग ने सवाल उठाया कि पारंपरिक त्योहार रक्षाबंधन के विज्ञापन में इस तरह की पोशाक का इस्तेमाल कितना उचित है। कुछ लोगों ने विज्ञापन पर भारतीय त्योहारों की प्रस्तुति को लेकर भी आपत्ति जताई।

विवाद केवल कृति के पहनावे तक सीमित नहीं रहा। विज्ञापन में कृति द्वारा कुत्ते को राखी बांधने वाले दृश्य को लेकर भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।

कृति की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं

कंगना की टिप्पणी के बाद विवाद और तेज हो गया है। हालांकि, कृति सेनन ने अभी तक इस विवाद या कंगना की टिप्पणी पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।