रवि किशन ने सुनाया बचपन का दर्दनाक किस्सा, पिता की पिटाई के बाद छोड़ दिया था घर

0

डेस्क : अभिनेता और सांसद रवि किशन ने अपने बचपन से जुड़ा एक ऐसा किस्सा साझा किया है, जिसे याद करना आज भी उनके लिए भावुक कर देने वाला है। उन्होंने बताया कि बचपन में वह हनुमान जी के मंदिर और अपने पिता की दूध की दुकान से पैसे चुरा लिया करते थे। जब उनके पिता को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने रवि किशन की जमकर पिटाई की। हालात इतने बिगड़ गए कि उनकी मां ने उन्हें घर से निकल जाने की सलाह दी।

रवि किशन ने यह किस्सा ‘आप की अदालत’ में सुनाया था। उन्होंने बताया कि उनके गांव के हनुमान मंदिर में शनिवार को लोग पैसे चढ़ाते थे। वह मंदिर में चक्कर लगाकर कभी-कभी एक-दो सिक्के उठा लिया करते थे। इसके अलावा वह अपने पिता की दूध की दुकान से भी पैसे चुराते थे।

एक दिन रवि किशन के पिता को चोरी का पता चल गया। उन्होंने गुस्से में रवि की बुरी तरह पिटाई की। रवि के मुताबिक, उस समय उनकी मां ने उन्हें पैसे दिए और घर से निकल जाने को कहा। मां ने उनसे कहा कि अगर वह वहां रहे तो उनकी जान को खतरा हो सकता है और उन्हें ट्रेन पकड़कर चले जाने की सलाह दी।

रवि किशन ने बताया कि वह अपनी जान बचाने के लिए घर से निकले थे। उन्होंने कहा कि अगर वह वहां से नहीं भागते तो उनके पिता उनकी हत्या कर सकते थे। बचपन का यह मुश्किल दौर आगे चलकर उनके जीवन के सबसे बड़े संघर्षों में शामिल हुआ।

आज रवि किशन भोजपुरी सिनेमा के साथ-साथ हिंदी फिल्मों में भी अपनी पहचान बना चुके हैं। वह राजनीति में भी सक्रिय हैं। उनके संघर्ष की कहानी बताती है कि जिंदगी के बेहद कठिन दौर से निकलकर भी इंसान अपने लिए एक नई राह बना सकता है।