नितिन गडकरी के बयान से मची हलचल, कार्यालय बोला- राजनीतिक चश्मे से न देखें

0

डेस्क :  केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के हालिया बयान को लेकर उठी राजनीतिक अटकलों पर उनके कार्यालय ने सफाई दी है। गडकरी के कार्यालय ने कहा कि उनके बयान को संदर्भ से हटाकर पेश किया गया और इसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है।

गडकरी ने नागपुर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि अब वह पहले जितना काम नहीं कर सकते और नई पीढ़ी को अधिक जिम्मेदारी तथा काम करने का अवसर दिया जाना चाहिए। उनके इस बयान के बाद कुछ मीडिया रिपोर्टों में इसे सक्रिय राजनीति से दूरी बनाने या भविष्य में राजनीतिक भूमिका छोड़ने के संकेत के तौर पर देखा गया।

गडकरी के कार्यालय ने स्पष्ट किया कि मंत्री की टिप्पणी लक्ष्मणराव मानकर ट्रस्ट के कामकाज के संदर्भ में थी। यह ट्रस्ट जनजातीय क्षेत्रों में एकल विद्यालयों के संचालन सहित सामाजिक कार्यों से जुड़ा है। कार्यालय के मुताबिक, गडकरी का कहना था कि ट्रस्ट के काम को आगे बढ़ाने के लिए नई पीढ़ी को अधिक जिम्मेदारी दी जानी चाहिए।

कार्यालय ने कहा कि गडकरी की टिप्पणी को राजनीतिक संदर्भ देना सही नहीं है। उनके बयान का उद्देश्य सामाजिक कार्यों में नई पीढ़ी की भागीदारी और जिम्मेदारी बढ़ाने की बात करना था।

इस सफाई के बाद गडकरी के राजनीति से संन्यास लेने की अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है। हालांकि, उनके ‘नई पीढ़ी को जिम्मेदारी’ देने वाले बयान ने राजनीतिक हलकों में चर्चा जरूर तेज कर दी थी।