डेस्क : सितंबर 2026 सिनेमा प्रेमियों के लिए बेहद खास रहने वाला है। महीनेभर सिनेमाघरों में एक के बाद एक करीब 14 फिल्में दस्तक देने वाली हैं। खास बात यह है कि सितंबर में कई बड़ी फिल्मों की रिलीज एक ही तारीख के आसपास होने से बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त मुकाबला देखने को मिलेगा। बॉलीवुड के साथ दक्षिण भारतीय सिनेमा और हॉलीवुड की चर्चित फिल्में भी दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
4 सितंबर को तीन फिल्मों की टक्कर
सितंबर की शुरुआत ही बड़े मुकाबले के साथ होगी। 4 सितंबर को ‘मिर्जापुर – द मूवी’, ‘जीवन बीमा योजना’ और ‘हाउ टू रॉब ए बैंक’ सिनेमाघरों में पहुंचेंगी। ‘मिर्जापुर – द मूवी’ के जरिए लोकप्रिय वेब सीरीज की दुनिया बड़े पर्दे पर नजर आएगी। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु जैसे कलाकार दिखाई देंगे। वहीं ‘जीवन बीमा योजना’ क्राइम-कॉमेडी है, जिसमें अरशद वारसी डबल रोल में नजर आएंगे।
11 सितंबर को अक्षय कुमार और मनोज बाजपेयी की फिल्में
11 सितंबर को भी दर्शकों के पास दो बड़ी फिल्मों का विकल्प होगा। मनोज बाजपेयी अभिनीत ‘लास्ट मैन इन टावर’ अरविंद अडिगा के चर्चित उपन्यास पर आधारित है। फिल्म में मनोज बाजपेयी एक सेवानिवृत्त शिक्षक की भूमिका में नजर आएंगे। इसी दिन प्रियदर्शन निर्देशित ‘हैवान’ रिलीज होगी, जिसमें अक्षय कुमार खतरनाक विलेन के किरदार में दिखाई देंगे। उनके साथ सैफ अली खान, बोमन ईरानी और सैयामी खेर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
18 सितंबर को पांच फिल्मों की दस्तक
18 सितंबर को बॉक्स ऑफिस सबसे ज्यादा व्यस्त रहने वाला है। इस दिन करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन अभिनीत ‘दायरा’, कुणाल खेमू की ‘वाइब’, ‘लव लॉटरी’, हॉलीवुड की ‘रेजिडेंट इविल’ और ‘भारत देश है मेरा’ रिलीज होने वाली हैं। ‘दायरा’ एक इन्वेस्टिगेटिव क्राइम थ्रिलर है, जबकि ‘वाइब’ को एक्शन-कॉमेडी के रूप में पेश किया गया है।
24 सितंबर को नानी की ‘द पैराडाइज’
24 सितंबर को दक्षिण भारतीय अभिनेता नानी की पैन-इंडिया फिल्म ‘द पैराडाइज’ सिनेमाघरों में आएगी। 1980 के दशक के सिकंदराबाद की पृष्ठभूमि पर आधारित इस एक्शन फिल्म में नानी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी अनिरुद्ध रविचंदर ने संभाली है।
25 सितंबर को फिर होगा बड़ा बॉक्स ऑफिस क्लैश
महीने के आखिरी सप्ताह में भी मुकाबला कम नहीं होगा। 25 सितंबर को सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फैंटेसी एक्शन फिल्म ‘द वान – फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’, ब्रैड पिट अभिनीत हॉलीवुड सर्वाइवल थ्रिलर ‘हार्ट ऑफ द बीस्ट’ और पौराणिक फिल्म ‘महाकाव्य श्री रामायण कथा – श्री राम की’ रिलीज होगी। ‘द वान’ की कहानी एक प्रतिबंधित जंगल और वहां जागने वाली प्राचीन शक्तियों के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जबकि ‘श्री रामायण कथा’ में रामायण की कथा भगवान हनुमान के दृष्टिकोण से प्रस्तुत की जाएगी।
सितंबर में फिल्मों की इतनी बड़ी कतार के चलते दर्शकों के सामने अलग-अलग विधाओं की फिल्मों का विकल्प होगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि बड़े सितारों और अलग-अलग शैलियों से सजी इन फिल्मों में से कौन-सी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बाजी मारती है।









