डेस्क : अभिनेत्री दीया मिर्जा ने अपने करियर के शुरुआती दौर से जुड़ा एक ऐसा अनुभव साझा किया है, जिसे वह आज भी अपने सफर की सबसे चुनौतीपूर्ण घटनाओं में गिनती हैं। अभिनेत्री ने 2004 में रिलीज हुई फिल्म ‘तुमसा नहीं देखा’ के गाने ‘मुझे तुमसे मोहब्बत है’ की शूटिंग से जुड़ा 22 साल पुराना किस्सा सुनाया है।
सैकड़ों लोगों के सामने शूट करना था मुश्किल
दीया मिर्जा ने हाल ही में बॉलीवुड बबल को दिए इंटरव्यू में बताया कि इस गाने की शूटिंग उनके लिए आसान नहीं थी। उन्हें सेट पर मौजूद सैकड़ों पुरुषों के बीच बेहद कम कपड़ों में इस सीक्वेंस को शूट करना पड़ा था। अभिनेत्री ने इसे अपने लिए एक लड़की के तौर पर बेहद मुश्किल अनुभव बताया।
हालांकि, दीया के मुताबिक शूटिंग के दौरान उन्हें असहज महसूस न हो, इसका पूरा ध्यान रखा गया। उन्होंने बताया कि गाने की कोरियोग्राफर वैभवी मर्चेंट और पूरी टीम ने उन्हें सुरक्षित माहौल दिया। इसी वजह से वह अपने किरदार और प्रदर्शन पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित कर सकीं।
‘इस अनुभव ने मुझे आजाद किया’
दीया ने कहा कि उस अनुभव ने उन्हें अप्रत्याशित तरीके से आत्मविश्वास दिया। उनके अनुसार, एक कलाकार के लिए किरदार की सच्चाई को समझना और यह जानना महत्वपूर्ण है कि वह अपने अभिनय के जरिए क्या संदेश दे रहा है।
अभिनेत्री ने यह भी कहा कि उस समय तक वह यह समझ चुकी थीं कि अभिनय करते हुए सामने कितने लोग मौजूद हैं, यह उतना महत्वपूर्ण नहीं है। उनके लिए किरदार की सच्चाई और उसे पर्दे पर सही ढंग से प्रस्तुत करना ज्यादा मायने रखता था।
शुरुआती संघर्षों ने बनाया बेहतर कलाकार
दीया मिर्जा ने अपने 25 साल के करियर को याद करते हुए कहा कि शुरुआती दौर में सामने आई कई चुनौतियों ने उन्हें आज का कलाकार बनने में मदद की। उनका मानना है कि अभिनय एक लगातार सीखने वाली प्रक्रिया है और हर अनुभव कलाकार को और बेहतर बनाता है।
‘तुमसा नहीं देखा’ में इमरान हाशमी के साथ आई थीं नजर
अनुराग बसु के निर्देशन में बनी ‘तुमसा नहीं देखा’ में दीया मिर्जा के साथ इमरान हाशमी मुख्य भूमिका में थे। फिल्म 2004 में रिलीज हुई थी। फिल्म के गाने ‘मुझे तुमसे मोहब्बत है’ को लेकर दीया का यह पुराना अनुभव अब एक बार फिर चर्चा में है।
दीया मिर्जा का कहना है कि उनके करियर में आए ऐसे अनुभवों ने उन्हें अपनी झिझक और मुश्किलों से आगे बढ़ना सिखाया और एक कलाकार के तौर पर लगातार बेहतर बनने की प्रेरणा दी।








