दिल्ली में नाबालिग से चलती बस में दुष्कर्म का आरोप, चालक और कंडक्टर गिरफ्तार

0

नई दिल्ली :  राजधानी दिल्ली में नाबालिग छात्रा से चलती स्लीपर बस में सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में बस के चालक और कंडक्टर को गिरफ्तार कर बस को जब्त कर लिया है। घटना 4 अगस्त की बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, 16 वर्षीय छात्रा नोएडा सेक्टर-63 स्थित अपने रिश्तेदार के पास जाने के लिए घर से निकली थी। भारी बारिश और अंधेरे के कारण वह परी चौक पर उतर गई। इसके बाद उसने एक अन्य बस को रुकवाकर सेक्टर-63 जाने के बारे में पूछा और उसमें सवार हो गई। पुलिस के अनुसार, उस समय बस में कोई अन्य यात्री मौजूद नहीं था।

कश्मीरी गेट के पास उतारकर फरार हुए आरोपी

आरोप है कि बस के चालक और कंडक्टर ने छात्रा के साथ अपराध किया और बाद में उसे कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद छात्रा पुलिस के पास पहुंची और घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर बस की पहचान की। इसके बाद चालक कुलदीप और कंडक्टर संदीप को तिमारपुर स्थित पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया गया।

बस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस करीब 47 किलोमीटर तक चली। रिपोर्ट के मुताबिक, बस की खिड़कियों पर पर्दे लगे हुए थे और रास्ते में इसकी प्रभावी जांच नहीं हुई। इससे सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।

पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। फोरेंसिक टीम ने बस से साक्ष्य जुटाए हैं और जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। साथ ही, घटना के बाद बसों में सुरक्षा मानकों, चालक-परिचालक के सत्यापन, जीपीएस, पैनिक बटन और सीसीटीवी जैसी व्यवस्थाओं के पालन को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।