पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट से मची तबाही, तीन की मौत; 20 से अधिक घायल

0

डेस्क : उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से हड़कंप मच गया। धमाका इतना तेज था कि पूरी फैक्ट्री जमींदोज हो गई। हादसे में दो बच्चों प्रवीण (13) और प्रियांशी (5) समेत तीन लोगों की मौत की सूचना है। वहीं, 20 से अधिक लोगों के घायल होने की बात सामने आ रही है। घायलों में चार को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसा कौशांबी के मनौरी क्षेत्र में थाना पुरामुफ्ती के अंतर्गत हुआ। घटनास्थल प्रयागराज-कौशांबी सीमा के पास बताया जा रहा है। विस्फोट के बाद फैक्ट्री में आग लग गई और काफी देर तक पटाखों के धमाके होते रहे। धमाके से उठे धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया और आसपास का पूरा इलाका धुएं से भर गया।

50 मीटर के दायरे में कई मकान क्षतिग्रस्त

विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि फैक्ट्री के आसपास करीब 50 मीटर के दायरे में स्थित पांच से सात मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ लोगों के फैक्ट्री के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक समेत प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। आग बुझाने के साथ ही मलबे में फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।

हादसे के वक्त 25 मजदूर कर रहे थे काम

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय फैक्ट्री में करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोमवार सुबह फैक्ट्री में रोज की तरह काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट की आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।

धमाके के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालने का प्रयास किया। कई घायलों को चारपाई पर लिटाकर अस्पताल पहुंचाया गया। प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भी कुछ घायलों को चारपाई पर ही लाकर ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।

एयरफोर्स स्टेशन से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर है फैक्ट्री

बताया जा रहा है कि घटनास्थल से मनौरी स्थित एयरफोर्स स्टेशन की दूरी करीब डेढ़ किलोमीटर है। घटना के बाद आसपास के इलाके में भी लोगों में दहशत फैल गई।

रेस्क्यू पूरा होने के बाद स्पष्ट होगी मृतकों की संख्या

हादसे में मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर फिलहाल अलग-अलग जानकारी सामने आ रही है। अधिकारियों का कहना है कि आग पूरी तरह बुझने और राहत-बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही मृतकों और घायलों की वास्तविक संख्या स्पष्ट हो सकेगी।

सीएम योगी ने जताया दुख, अधिकारियों को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशांबी में हुए हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित करने तथा घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों से संपर्क कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।