डेस्क : इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बधाई संदेश का जवाब देते हुए भारत और इटली के बीच मजबूत होते रिश्तों पर जोर दिया है। मेलोनी ने कहा कि दोनों देशों के संबंध आज पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हैं और आने वाले समय में इस साझेदारी को और नई ऊंचाइयों तक ले जाने के बड़े अवसर मौजूद हैं।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेलोनी को इटली के युद्धोत्तर इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री पद पर रहने वाली नेता बनने पर बधाई दी थी। मोदी ने उन्हें अपना मित्र बताते हुए कहा था कि यह उपलब्धि इटली की जनता के उनके नेतृत्व में विश्वास और भरोसे को दर्शाती है।
मोदी के संदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि भारत और इटली के बीच संबंध आज “पहले से कहीं ज्यादा मजबूत” हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच शुरू की गई स्पेशल स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप को रिश्तों की अहमियत और साझा विकास की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
विकास और सहयोग के नए अवसरों पर जोर
मेलोनी ने कहा कि भारत और इटली अपनी-अपनी विशेषज्ञता को साथ लाकर विकास और सहयोग के नए अवसर पैदा कर सकते हैं। उन्होंने दोनों देशों के सामने मौजूद असाधारण सहयोग की संभावनाओं का लाभ उठाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
इटली की प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत और इटली मिलकर यूरोप और एशिया के बीच संबंधों को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (IMEC) के विकास में दोनों देशों के साथ मिलकर काम करने का भरोसा जताया।
मेलोनी ने बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड
जॉर्जिया मेलोनी 22 अक्टूबर 2022 को इटली की प्रधानमंत्री बनी थीं। लगातार 1,413 से अधिक दिनों तक पद पर रहने के बाद उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इटली के सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाया है। वह इटली की पहली महिला प्रधानमंत्री भी हैं।
मोदी और मेलोनी के बीच व्यक्तिगत राजनीतिक समीकरण भी भारत-इटली संबंधों में चर्चा का विषय रहे हैं। दोनों नेताओं की बातचीत में व्यापार, तकनीक, रणनीतिक सहयोग और यूरोप-भारत संपर्क जैसे मुद्दे प्रमुख रहे हैं। मेलोनी का ताजा जवाब इस बात का संकेत माना जा रहा है कि नई दिल्ली और रोम अपने रणनीतिक रिश्तों को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं।








