शांति वार्ता के बीच पुतिन का बड़ा फैसला, कीव पर 72 घंटे हमले रोकने का आदेश

0

डेस्क : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर तीन दिनों तक हमले रोकने का आदेश दिया है। क्रेमलिन के अनुसार यह अस्थायी युद्धविराम शनिवार आधी रात से प्रभावी होगा और 72 घंटे तक जारी रहेगा। रूस का यह फैसला ऐसे समय आया है, जब अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता को आगे बढ़ाने के प्रयास में जुटे हैं।

अमेरिकी प्रतिनिधि मॉस्को पहुंच चुके हैं और रूसी अधिकारियों के साथ बातचीत कर रहे हैं। इसके बाद उनके यूक्रेन की राजधानी कीव जाने की भी योजना है। माना जा रहा है कि अमेरिकी दूतों की यह कूटनीतिक पहल रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

जेलेंस्की ने भी रखी थी युद्धविराम की पेशकश

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अमेरिकी प्रतिनिधियों की यात्रा के दौरान हवाई हमले रोकने की तैयारी जताई थी। उन्होंने रूस से भी इसी तरह की कार्रवाई करने की अपील की थी। इसके बाद रूस की ओर से कीव पर तीन दिन तक हमले रोकने की घोषणा की गई।

हालांकि, रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध पूरी तरह थमता नजर नहीं आ रहा है। दोनों देशों के बीच हाल के दिनों में ड्रोन और मिसाइल हमले जारी रहे हैं। यूक्रेन भी रूस के सैन्य और रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाने के लिए ड्रोन हमलों का इस्तेमाल कर रहा है।

शांति वार्ता की उम्मीदें बढ़ीं

पुतिन का यह आदेश अमेरिका की मध्यस्थता में चल रहे कूटनीतिक प्रयासों के बीच आया है। तीन दिन की यह रोक भले ही सीमित अवधि के लिए हो, लेकिन इसे दोनों पक्षों के बीच बातचीत के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। अब निगाहें अमेरिकी दूतों की रूस और यूक्रेन में होने वाली बैठकों पर हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक, यदि यह अस्थायी युद्धविराम बिना बड़े उल्लंघन के पूरा होता है तो इससे व्यापक युद्धविराम और आगे शांति समझौते की दिशा में बातचीत का रास्ता खुल सकता है। हालांकि, दोनों देशों के बीच प्रमुख मुद्दों पर अभी भी गहरे मतभेद बने हुए हैं।