डेस्क : बिहार की राजधानी पटना में 15 साल की नाबालिग लड़की से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोबाइल फोन के जरिए दोस्ती करने वाले 18 वर्षीय युवक ने शादी का झांसा देकर उसे पटना जंक्शन के पास स्थित एक गेस्ट हाउस में ले जाकर दुष्कर्म किया। मामले में कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग और आरोपी युवक के बीच करीब नौ-दस महीने पहले मोबाइल फोन के जरिए दोस्ती हुई थी। दोनों लगातार बातचीत करते थे। इसी दौरान युवक ने कथित तौर पर लड़की को शादी का भरोसा दिया।
बताया गया है कि 31 अगस्त को युवक उससे मिलने पटना आया। इसके बाद वह नाबालिग को पटना रेलवे जंक्शन के पास एक गेस्ट हाउस में ले गया। आरोप है कि वहां रात में युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
रातभर घर नहीं पहुंची नाबालिग
घटना के बाद नाबालिग रात में घर नहीं पहुंची, जिससे परिजन परेशान हो गए। अगले दिन घर लौटने पर परिजनों ने उससे पूछताछ की तो उसने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार उसे लेकर कोतवाली थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। नाबालिग के पास आरोपी का मोबाइल नंबर उपलब्ध है, लेकिन उसे युवक के स्थायी पते या अन्य विस्तृत जानकारी की जानकारी नहीं है। पुलिस मोबाइल नंबर और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।
पुलिस ने नाबालिग की मेडिकल जांच कराई है। आगे कोर्ट के समक्ष उसका बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले की जांच जारी है।








