आठ उच्च न्यायालयों को मिले नए मुख्य न्यायाधीश

0

डेस्क : केंद्र सरकार ने देश के आठ उच्च न्यायालयों में नए मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति की सूची जारी की है। राष्ट्रपति ने भारत के मुख्य न्यायाधीश के परामर्श के बाद इन नियुक्तियों को मंजूरी दी है। केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शनिवार को नई नियुक्तियों की जानकारी साझा की।

नियुक्तियों के तहत दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति वल्लूरी कामेश्वर राव को पटना उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। वहीं, बंबई उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति रवींद्र वी. घुघे को कलकत्ता उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है।

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति संजय कुमार अग्रवाल को राजस्थान उच्च न्यायालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति महेश चंद्र त्रिपाठी को बंबई उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार मिश्रा को इसी उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है। ओडिशा उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति कृष्णा राम मोहापात्रा को छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

इसी क्रम में गुजरात उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है। राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति पुष्पेंद्र सिंह भाटी को जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख उच्च न्यायालय का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।

इन नियुक्तियों के साथ पटना, कलकत्ता, राजस्थान, बंबई, पंजाब एवं हरियाणा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश तथा जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख उच्च न्यायालयों के नेतृत्व में बदलाव होगा। न्यायिक प्रशासन और विभिन्न उच्च न्यायालयों में लंबित मामलों के प्रभावी निस्तारण की दृष्टि से इन नियुक्तियों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।