मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप, चाकूबाजी में पिता की मौत; बेटा घायल

0

डेस्क : विश्वकर्मा पूजा के दिन पटना सिटी के मेहंदीगंज थाना क्षेत्र में पानी के छींटे पड़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। गाड़ी धोने के दौरान दो पड़ोसियों के बीच हुई कहासुनी के बाद चाकूबाजी हो गई। घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया।

घटना गुरुवार देर शाम दीपनगर मोहल्ले की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, राजू महतो का बेटा अभिषेक बाइक धो रहा था। इसी दौरान पानी के छींटे पड़ोसी साहिल कुमार पर चले गए। इसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि चाकू निकल आए।

आरोप है कि अभिषेक ने साहिल पर चाकू से हमला कर दिया। बेटे को बचाने पहुंचे उसके पिता दीपू कुमार पर भी चाकू से वार किया गया। गंभीर रूप से घायल दीपू कुमार को नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके सीने और पेट में चाकू के गंभीर घाव बताए गए हैं।

घटना में एक युवक भी घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी अभिषेक कुमार और उसके पिता राजू महतो को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

घटना के बाद इलाके में तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।