‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर बढ़ा खर्च, कांग्रेस ने जमा किए 4.03 लाख रुपये

0

डेस्क : कांग्रेस नेता राहुल गांधी के इंदौर में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर जमीन के भुगतान का मामला सामने आया है। इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) ने कार्यक्रम के लिए आवंटित जमीन के निर्धारित अवधि से पहले इस्तेमाल किए जाने पर कांग्रेस से 4 लाख 3 हजार 270 रुपये की अतिरिक्त राशि जमा कराने को कहा। कांग्रेस ने बाद में यह अतिरिक्त राशि जमा कर दी।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस ने कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के सामने करीब 12 हजार वर्ग मीटर जमीन 17 से 19 सितंबर तक अस्थायी लीज पर ली थी। इसके लिए पार्टी की ओर से आईडीए को पहले ही करीब 10.08 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका था। हालांकि, निरीक्षण के दौरान आईडीए अधिकारियों ने पाया कि जमीन के करीब 4,800 वर्ग मीटर हिस्से का इस्तेमाल 14 सितंबर से ही शुरू कर दिया गया था।

इसके बाद आईडीए की ओर से तीन अतिरिक्त दिनों के उपयोग का शुल्क निर्धारित करते हुए कांग्रेस से 4.03 लाख रुपये और जमा कराने को कहा गया। अतिरिक्त राशि जमा होने के बाद कार्यक्रम के लिए जमीन का कुल भुगतान करीब 14.11 लाख रुपये हो गया।

यह मामला भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश सिंह यादव की शिकायत के बाद सामने आया। उन्होंने सरकारी जमीन के इस्तेमाल के लिए निर्धारित शुल्क लिए जाने की बात कही। वहीं, इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने अतिरिक्त राशि की मांग पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन भाजपा नेताओं के दबाव में काम कर रहा है।

राहुल गांधी का यह कार्यक्रम पहले इंदौर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में प्रस्तावित था। स्टेडियम के इस्तेमाल की अनुमति नहीं मिलने के बाद कार्यक्रम का स्थान बदलकर रीजनल पार्क के सामने की जमीन किया गया।

कांग्रेस की ओर से अतिरिक्त राशि जमा किए जाने के बाद अब कार्यक्रम के आयोजन को लेकर जमीन से संबंधित भुगतान का मामला निपट गया है।