डेस्क : मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर विपक्षी दल एक बार फिर महाभियोग प्रस्ताव लाने की तैयारी में हैं। कांग्रेस समेत विपक्षी दलों की ओर से लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों में प्रस्ताव का नोटिस देने की तैयारी की जा रही है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, नोटिस अगले दो सप्ताह के भीतर पेश किया जा सकता है।
कानूनी विशेषज्ञों की मदद से तैयार हो रहा मसौदा
जानकारी के अनुसार, प्रस्ताव का मसौदा तैयार किया जा रहा है और इसे संसद में पेश करने से पहले कानूनी विशेषज्ञों से जांच कराया जाएगा। विपक्षी दलों के बीच इस मुद्दे पर सहमति बनाने के लिए कांग्रेस ने अन्य विपक्षी दलों से संपर्क किया है।
एसआईआर को लेकर विवाद के बीच फैसला
यह कदम चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर चल रहे विवाद के बीच उठाया जा रहा है। हाल में आई मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने एसआईआर से जुड़े कुछ फैसलों और आदेशों पर कई बार आपत्ति दर्ज कराई थी। इन रिपोर्टों के बाद विपक्ष ने चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर सवाल उठाए हैं।
वहीं, सरकार की ओर से कहा गया है कि चुनाव आयोग जैसे बहुसदस्यीय संवैधानिक निकाय में मतभेद आंतरिक विचार-विमर्श का हिस्सा हो सकते हैं और फैसले बहुमत के आधार पर लिए जाते हैं।
पहले भी दिए जा चुके हैं नोटिस
ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर विपक्ष पहले भी नोटिस दे चुका है। लोकसभा में 12 मार्च 2026 को 130 सांसदों के हस्ताक्षर वाला प्रस्ताव पेश किया गया था, जिसे लोकसभा अध्यक्ष ने स्वीकार नहीं किया था। इसके अलावा 24 अप्रैल को राज्यसभा में विपक्ष के 73 सांसदों की ओर से दिया गया नोटिस अभी लंबित बताया जा रहा है।








