सीईसी ज्ञानेश कुमार पर राहुल गांधी का हमला, चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप

0

नई दिल्ली :  चुनाव आयोग को लेकर जारी विवाद के बीच लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव और पिछले कुछ विधानसभा चुनावों में धांधली हुई है। उन्होंने कहा कि उनके पास इन आरोपों से जुड़े और भी सबूत हैं, जिन्हें आगे सार्वजनिक किया जाएगा।

‘वोट की सुरक्षा चुनाव आयोग की जिम्मेदारी’

राहुल गांधी ने कहा कि लोकतंत्र की पूरी व्यवस्था वोट पर आधारित है और वोट की सुरक्षा करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है। उनका दावा था कि अगर वोट सुरक्षित नहीं है तो लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े होते हैं।

उन्होंने कहा कि वह ये बातें लंबे समय से उठाते आ रहे हैं और अब चुनाव आयोग के भीतर से भी आपत्तियां सामने आने की बात कही जा रही है। हालिया रिपोर्टों के अनुसार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में आयोग के कुछ फैसलों और प्रक्रियाओं पर लिखित आपत्तियां दर्ज कराई थीं।

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग में लिए गए कुछ फैसलों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि उनके पास इस मामले में और सामग्री है, जिसे सार्वजनिक किए जाने के बाद लोग पूरे मामले को समझ सकेंगे।

चुनाव आयोग ने दी सफाई

वहीं, चुनाव आयोग ने अपने स्तर पर उठाई गई आपत्तियों को लेकर कहा है कि किसी भी संस्था में अंतिम निर्णय तक पहुंचने के दौरान अलग-अलग विचार और सुझाव सामने आना सामान्य प्रक्रिया है। आयोग का कहना है कि उसके सभी आदेश कानूनी प्रक्रिया और निर्धारित प्रावधानों के तहत जारी किए जाते हैं।