मुख्यमंत्री योगी की समीक्षा बैठक से पहले पीडब्ल्यूडी के कार्यालय खुले रहेंगे

0

लखनऊ :  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 सितंबर को लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक की तैयारियों को देखते हुए शनिवार और रविवार को भी लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता कार्यालय के साथ सभी क्षेत्रीय, वृत्तीय और खंडीय कार्यालय खुले रहेंगे। प्रमुख सचिव अजय चौहान ने सभी मुख्य अभियंताओं को पूरी तैयारी के साथ बैठक में शामिल होने के निर्देश दिए हैं।

समीक्षा बैठक में बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत और उन्हें गड्ढामुक्त करने की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2023-24 से पहले स्वीकृत 50 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली अधूरी परियोजनाओं को पूरा करने के लिए तैयार की गई पुनरीक्षित कार्ययोजना पर भी चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री वर्ष 2027-28 के प्रस्तावित नए कार्यों की कार्ययोजना और वित्तीय वर्ष 2026-27 में आवंटित धनराशि के मुकाबले हुए खर्च की भी जानकारी लेंगे। बैठक में माल एवं सेवा कर तथा अतिरिक्त डामर की मांग से संबंधित रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी।

लोक निर्माण विभाग के अनुसार, प्रदेश के सभी क्षेत्रीय मुख्य अभियंता आवश्यक सूचनाओं और प्रगति रिपोर्ट के साथ दोपहर 12 बजे होने वाली बैठक में शामिल होंगे। बैठक से पहले विभागीय अधिकारियों को लंबित कार्यों और आगामी योजनाओं से जुड़ी जानकारी तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री की समीक्षा को देखते हुए विभाग के मुख्यालय सहित क्षेत्रीय स्तर के कार्यालयों में अवकाश के दिनों में भी कामकाज जारी रहेगा, ताकि सभी जरूरी आंकड़े और रिपोर्ट समय पर तैयार की जा सकें।