डेस्क : वृंदावन के वाराहघाट क्षेत्र स्थित एक आश्रम में शुक्रवार को एक युवा साधु ने चार मंजिला इमारत से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल साधु को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान दीपक उर्फ रसिक दुलारी शरण (25) के रूप में हुई है। वह करीब दो वर्ष से संत प्रेमानंद महाराज के परिकर में शामिल था और उनसे दीक्षा ले चुका था।
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, साधु जिस कमरे में रहता था, वहां से एक डायरी और खून से सना ग्राइंडर बरामद हुआ है। मृतक के शरीर के एक हिस्से पर गंभीर चोट भी पाई गई है। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस आत्महत्या के साथ-साथ अन्य संभावनाओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में साधु को इमारत की ऊपरी मंजिल से छलांग लगाते हुए देखा गया है। हालांकि उसने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शरीर पर लगी चोट स्वयं पहुंचाई गई थी या इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति शामिल था।
सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर जानकारी जुटाई। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने मृतक का मोबाइल और डायरी भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्य, मोबाइल और डायरी की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।








