नई दिल्ली : कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह से जुड़े एक वीडियो को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। वीडियो में मंत्री एक युवक को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। राहुल गांधी ने इस घटना को लेकर कहा कि कथित ‘वोट चोरी’ केवल चुनावी नतीजे नहीं लाती, बल्कि उसके बाद अहंकार भी आता है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि युवक सड़क निरीक्षण के दौरान घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग कर रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क पर सवाल पूछने पर थप्पड़, पेपर लीक पर सवाल उठाने पर लाठीचार्ज और संसद में सवाल पूछने पर माइक बंद किए जाने जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि सत्ता में बैठे लोगों को जब चुनाव के माध्यम से जनता के बीच जवाबदेही का डर नहीं रहता, तो उनका व्यवहार बदल जाता है। उन्होंने इसी संदर्भ में कहा कि ‘वोट चोरी’ सिर्फ नतीजा नहीं, उसके बाद आने वाला अहंकार भी है।
प्रवेश साहिब सिंह ने किया पलटवार
राहुल गांधी के बयान पर दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, “राहुल जी, आप रहने दो भाई, आपको कुछ नहीं पता।” मंत्री ने घटना को लेकर अपनी ओर से अलग पक्ष रखते हुए कहा कि मौके पर मौजूद लोगों की ओर से उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी।
दरअसल, मामला दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान सामने आए वीडियो से जुड़ा है। निरीक्षण के दौरान आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह ने सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए सड़क की सतह का हिस्सा हाथ से उखाड़कर दिखाया था। इसी दौरान एक युवक पूरे घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग कर रहा था।
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की ओर से घटना को लेकर अलग-अलग दावे किए गए हैं। मामले में शिकायत दिए जाने की बात भी सामने आई है। पूरे घटनाक्रम को लेकर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।







