डेस्क : देशभर में 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल फिलहाल टल गई है। रविवार देर रात इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बातचीत के बाद हड़ताल स्थगित करने पर सहमति बनी। हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाओं के प्रभावित होने की आशंका थी, ऐसे में इसके टलने से ग्राहकों को राहत मिली है।
बैंक यूनियनों ने पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने समेत कई लंबित मांगों को लेकर देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई और आगे वार्ता जारी रखने पर सहमति बनी। इसके बाद हड़ताल को फिलहाल स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
पांच दिन के कार्य सप्ताह पर बनेगी समिति
पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग को लेकर IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने पर सहमति बनी है। यह समिति बाकी शनिवारों को अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर विभिन्न विकल्पों पर विचार करेगी। साथ ही संबंधित पक्षों से चर्चा कर इस मामले में समाधान तलाशने का प्रयास किया जाएगा।
PLI योजना पर भी होगी चर्चा
बैठक में स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन योजना (PLI) पर भी चर्चा हुई। UFBU की ओर से उठाई गई आपत्तियों के मद्देनजर IBA सरकार के समक्ष योजना में संशोधन का प्रस्ताव रखेगा। इसके बाद इस मुद्दे पर आगे बातचीत की जाएगी।
इसके अलावा 8 मार्च 2024 की बैठक में दर्ज अन्य लंबित मुद्दों पर भी चर्चा कर समाधान निकालने पर सहमति बनी है। बैंक यूनियनों और IBA के बीच इन विषयों पर आगे बातचीत जारी रहेगी।
हड़ताल टलने से महीने के अंत में बैंकिंग सेवाओं के प्रभावित होने की आशंका फिलहाल समाप्त हो गई है। ग्राहकों को नकद लेन-देन, चेक क्लियरेंस और शाखा से जुड़े अन्य कामों के लिए प्रस्तावित तीन दिवसीय बंदी का सामना नहीं करना पड़ेगा।








