यूपी में सपा-कांग्रेस के बीच सीटों पर रार, गठबंधन की राह में पेच

0

डेस्क : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन कायम रखने के दावे के बावजूद सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच मतभेद सामने आ रहे हैं। विवाद केवल सीटों की संख्या तक सीमित नहीं है, बल्कि कांग्रेस जिन सीटों पर दावा कर रही है, वहां संभावित उम्मीदवारों को लेकर भी सपा ने अपनी शर्त रखी है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल में कहा कि दोनों दल बाहर से भले ही अलग-अलग नजर आ रहे हों, लेकिन अंदर से साथ हैं और यह उनकी रणनीति का हिस्सा है। दूसरी ओर कांग्रेस नेताओं के लगातार अलग-अलग बयानों से सीट बंटवारे को लेकर खींचतान सार्वजनिक हो गई है।

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने गठबंधन को लेकर सवाल उठाते हुए कहा था कि यदि गठबंधन नहीं है तो कांग्रेस अपनी तैयारी करेगी। इसके बाद सपा के वरिष्ठ नेताओं शिवपाल यादव और राम गोपाल यादव ने भी कांग्रेस के रुख पर प्रतिक्रिया दी। शिवपाल यादव ने कहा कि कांग्रेस सपा के मजबूत क्षेत्रों में अपना संगठन मजबूत करने के लिए स्वतंत्र है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की ओर से भी सपा के प्रभाव वाले क्षेत्रों में संगठन विस्तार की बात कही गई है।

सीट के साथ उम्मीदवार बताने की शर्त

सूत्रों के अनुसार, 20 जुलाई को अखिलेश यादव और राहुल गांधी की मुलाकात के दौरान सपा की ओर से कहा गया कि कांग्रेस जिस सीट की मांग करती है, वहां से अपने संभावित उम्मीदवार का नाम भी बताए। सपा सीट बंटवारे में उम्मीदवार की स्थानीय पकड़ और चुनाव जीतने की क्षमता को आधार बनाना चाहती है।

दोनों दल 2024 के लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन को अपने-अपने पक्ष में देखते हैं। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने 17 सीटों पर चुनाव लड़कर छह सीटें जीती थीं, जबकि सपा ने 37 सीटों पर जीत दर्ज की थी। 2024 में दोनों दलों का संयुक्त वोट प्रतिशत 43.52 रहा था।

2022 के आंकड़े भी चर्चा में

2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को दो सीटें मिली थीं और उसका वोट शेयर 2.39 प्रतिशत रहा था। वहीं सपा ने 111 सीटें जीती थीं और उसे 32.06 प्रतिशत वोट मिले थे। भाजपा ने 255 सीटों पर जीत दर्ज करते हुए 41.29 प्रतिशत वोट हासिल किए थे।

फिलहाल दोनों दलों की ओर से गठबंधन जारी रहने की बात कही जा रही है, लेकिन सीटों की संख्या और उम्मीदवारों के चयन को लेकर अंतिम सहमति नहीं बनी है। 30 सितंबर को होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक के दौरान भी उत्तर प्रदेश में सीट बंटवारे का मुद्दा चर्चा में आने की संभावना है।