डेस्क : अमेरिका की फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन एफबीआई ) ने फरार गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को अपनी ‘टेन मोस्ट वांटेड फ्यूजिटिव्स’ सूची में शामिल किया है। FBI ने उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी देने वाले व्यक्ति के लिए 10 लाख अमेरिकी डॉलर तक के इनाम की घोषणा की है।
एफबीआई की ओर से सोमवार को जारी एक आधिकारिक नोटिस के अनुसार, गोल्डी बराड़ पर लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप के उत्तर अमेरिकी प्रमुख के रूप में काम करने का आरोप है। अमेरिकी एजेंसियों के मुताबिक, इस गिरोह पर अमेरिका और कनाडा में कई हिंसक आपराधिक गतिविधियों से जुड़े होने के आरोप हैं।
एफबीआई ने कहा कि इस आपराधिक नेटवर्क पर राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों की हत्या, गोलीबारी, हत्या, अपहरण, जबरन वसूली, हमले तथा मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी जैसी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं।
अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, सिंह फिलहाल अमेरिका में रहकर गिरोह की उत्तरी अमेरिका में गतिविधियों की निगरानी कर रहा है। उसके खिलाफ लॉस एंजिलिस स्थित अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया में संघीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है।
एफबीआई के मुताबिक, सिंह पर Racketeer Influenced and Corrupt Organizations (RICO) Conspiracy, जबरन वसूली के जरिए वाणिज्य में हस्तक्षेप की साजिश और प्रयास तथा नियंत्रित मादक पदार्थों के वितरण और उन्हें वितरित करने के इरादे से रखने की साजिश समेत कई आरोप लगाए गए हैं।
एफबीआई के वांटेड बुलेटिन में उसके कई नाम दर्ज हैं, जिनमें ‘गोल्डी बराड़’, सतिंदरजीत सिंह बराड़, सतिंदर जीत और सतिंदर जित सिंह बराड़ शामिल हैं। ब्यूरो के अनुसार, सिंह का जन्म पंजाब, भारत में हुआ है और वह पंजाबी तथा अंग्रेजी बोलता है।
एफबीआई ने बताया कि उसके नेटवर्क और परिचालन संबंध कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो और फ्रेस्नो के अलावा कनाडा, भारत और मैक्सिको तक फैले हुए हैं।
अमेरिकी जांच एजेंसी ने लोगों के लिए जारी चेतावनी में कहा है कि सतिंदरजीत सिंह को हथियारबंद और खतरनाक माना जाना चाहिए तथा उसके फरार होने का जोखिम भी है। FBI ने लोगों से अपील की है कि उसके संबंध में कोई जानकारी होने पर कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सूचित करें।








