डेस्क : दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक यात्री उड़ान को बुधवार को आपात स्थिति में सऊदी अरब के तबुक की ओर डायवर्ट किया गया। विमान से आपात संकेत मिलने के बाद कुछ समय के लिए अपहरण की आशंका पैदा हो गई। घटना की सूचना के बाद इजरायली सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और वायुसेना के लड़ाकू विमानों को भी रवाना किया गया। हालांकि, बाद में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विमान के अपहरण की पुष्टि नहीं हुई है।
फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 दुबई से तेल अवीव के बेन गुरियन हवाई अड्डे के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान विमान से पहले आपातकालीन संकेत जारी हुआ। इसके बाद 7500 कोड प्रसारित हुआ, जिसे आमतौर पर विमान के साथ अवैध हस्तक्षेप या संभावित अपहरण से जोड़ा जाता है। इसके बाद विमान ने अपना मार्ग बदलकर सऊदी अरब की ओर रुख किया।
रिपोर्ट के अनुसार, विमान में करीब 180 यात्री सवार थे। आपात संकेत मिलने के बाद इजरायल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने तत्काल स्थिति की निगरानी शुरू कर दी। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनाक्रम की जानकारी ली।
बाद में सामने आया कि विमान के कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान आपात संकेत सक्रिय होने की बात सामने आई। अधिकारियों के अनुसार यह विमान के अपहरण की कोशिश नहीं थी। विमान ने सऊदी अरब के तबुक में सुरक्षित लैंडिंग की और सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी दी गई है।
घटना के कारणों की जांच की जा रही है। विमान में आपात संकेत किस परिस्थिति में जारी हुआ और पायलटों के बीच विवाद की वजह क्या थी, इसकी भी जांच की जाएगी।








