भगवान राम की भूमिका को लेकर बोले रणबीर कपूर, ‘यह सिर्फ किरदार नहीं, बड़ी जिम्मेदारी है’

0

डेस्क : अभिनेता रणबीर कपूर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘रामायण’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में वह भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं। अपने जन्मदिन के मौके पर फिल्म से जुड़ा एक विशेष वीडियो जारी किया गया, जिसमें रणबीर ने भगवान राम का किरदार निभाने के अनुभव और इस भूमिका के प्रति अपनी सोच साझा की।

रणबीर ने बताया कि इस भूमिका की तैयारी के दौरान वह खुद को लगातार एक बात याद दिलाते थे कि यह उनके लिए केवल अभिनय का अवसर नहीं है। उन्होंने कहा कि भगवान राम की भूमिका निभाना उनके लिए एक बड़ी जिम्मेदारी है। उनके अनुसार, इस किरदार को निभाते समय वह यह ध्यान रखते थे कि कहानी और पात्र के प्रति दर्शकों की भावनाओं और आस्था का सम्मान बना रहे।

क्षमा को बताया भगवान राम की बड़ी शक्ति

रणबीर ने भगवान राम के चरित्र की विशेषताओं का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी सबसे बड़ी शक्ति केवल उनका धनुष या युद्ध कौशल नहीं, बल्कि उनकी क्षमा करने की क्षमता भी थी। अभिनेता ने कहा कि राम के चरित्र को समझने के दौरान उन्होंने उनके धैर्य, करुणा और मर्यादा को भी करीब से समझने की कोशिश की।

भूमिका के लिए की विशेष तैयारी

‘रामायण’ में भगवान राम की भूमिका के लिए रणबीर ने शारीरिक और अभिनय संबंधी विशेष तैयारी की है। फिल्म के पीछे की झलक में उनकी प्रशिक्षण प्रक्रिया और शूटिंग से जुड़े कई दृश्य देखने को मिले हैं। फिल्म के एक्शन दृश्यों के लिए अंतरराष्ट्रीय एक्शन निर्देशक टेरी नोटरी ने भी उन्हें प्रशिक्षण दिया है।

दो भागों में बनेगी ‘रामायण’

नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायण’ को दो भागों में प्रस्तुत किया जाएगा। फिल्म में साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। वहीं रवि दुबे लक्ष्मण और अरुण गोविल राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 के अवसर पर सिनेमाघरों में रिलीज होने की तैयारी में है।