डेस्क : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “एक कचौड़ी, दो समोसा, बीजेपी पर नहीं भरोसा।” उन्होंने कहा कि आने वाले समय में Gen-Z और पीडीए की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
अखिलेश यादव ने बताया कि उन्होंने दिल्ली में हाल में हुए महिला प्रदर्शन के दौरान सुनाई दिए नारों को नए अंदाज में पेश किया है। उन्होंने युवाओं के बीच राजनीतिक संवाद को नए तरीके से आगे बढ़ाने की बात कही।
लोकतंत्र सेनानियों की सम्मान राशि बढ़ाने का ऐलान
प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले अखिलेश यादव ने लोकतंत्र सेनानियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर लोकतंत्र सेनानियों की सम्मान राशि बढ़ाकर 51 हजार रुपये प्रतिमाह की जाएगी। साथ ही उनके मुफ्त इलाज की व्यवस्था करने का भी ऐलान किया।
सपा अध्यक्ष ने महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने देश और प्रदेश की स्थिति को लेकर कई सवाल उठाए और इसे ‘सोशल इमरजेंसी’ बताया। लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक मुद्दों को लेकर भी उन्होंने सरकार पर आरोप लगाए।
भाजपा से आने वालों का स्वागत
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के खिलाफ जो भी दल या नेता समाजवादी पार्टी के साथ आना चाहता है, उसका स्वागत किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि सपा के टिकट पर चुनाव जीतकर भाजपा में गए कुछ नेता वापस लौटना चाहते हैं।
उन्होंने गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की स्थिति और प्रदेश की बिजली व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। अखिलेश ने कहा कि आने वाले समय में युवाओं और पीडीए की भागीदारी राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।








