डेस्क : महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के दिवेआगर समुद्र तट पर गुरुवार को दर्दनाक हादसे में पुणे के आठ छात्रों की डूबने से मौत हो गई। सभी छात्र एक कोचिंग संस्थान की ओर से आयोजित यात्रा पर रायगढ़ पहुंचे थे। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया।
जानकारी के अनुसार, पुणे के आलंदी स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान का करीब 48 लोगों का समूह दिवेआगर बीच पर पहुंचा था। समूह में छात्र-छात्राओं के अलावा शिक्षक भी शामिल थे। समुद्र में नहाने के दौरान कुछ छात्र गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। समुद्र में तलाशी अभियान चलाकर छात्रों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। अभियान के दौरान आठ छात्रों के शव बरामद किए गए।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, समुद्र की गहराई और तेज धार का अनुमान नहीं लगा पाना हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हादसे की खबर सामने आने के बाद छात्रों के परिवारों में शोक की लहर है। प्रशासन की ओर से घटना की परिस्थितियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।








