दिवाली से पहले दिल्ली में बड़ी कार्रवाई, 35 लाख रुपये के 683 किलो प्रतिबंधित पटाखे जब्त

0

नई दिल्ली :  दिवाली से पहले दिल्ली पुलिस ने प्रतिबंधित पटाखों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 683 किलोग्राम पटाखे जब्त किए हैं। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, रोहिणी जिले की स्पेशल स्टाफ टीम को बुध विहार इलाके में प्रतिबंधित पटाखों के अवैध भंडारण और बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एक गोदाम पर छापा मारा। इस दौरान तीन लोगों को प्रतिबंधित पटाखे एक हुंडई सैंट्रो कार और स्कूटर में लोड करते हुए पकड़ा गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चांद (49), राम कुमार (47) और रवि (35) के रूप में हुई है। तीनों रोहिणी के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, चांद निर्माण सामग्री की सप्लाई का काम करता है, जबकि राम कुमार और रवि उसके कर्मचारी हैं।

रोहतक से मंगाई गई थी पटाखों की खेप

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि प्रतिबंधित पटाखों की खेप कथित तौर पर हरियाणा के रोहतक स्थित एक फैक्ट्री से मंगाई गई थी। पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक को नोटिस जारी कर दिल्ली में पटाखों की आपूर्ति से संबंधित जानकारी मांगी है। साथ ही उसे जांच में शामिल होने के लिए भी कहा गया है।

पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि प्रतिबंधित पटाखों की खेप दिल्ली तक किस माध्यम से पहुंची और इसके पीछे कोई बड़ा आपूर्ति नेटवर्क सक्रिय है या नहीं।

दिवाली के मद्देनजर दिल्ली पुलिस की ओर से प्रतिबंधित पटाखों के भंडारण, बिक्री और इस्तेमाल के खिलाफ निगरानी बढ़ाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।