यूक्रेन संघर्ष खत्म करने में पीएम मोदी के प्रयासों की पुतिन ने की सराहना

0

डेस्क : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना की है। पुतिन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लगातार यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने और शांतिपूर्ण समाधान तलाशने का मुद्दा उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी के पास आपसी सहमति वाला समाधान तलाशने के लिए अच्छे विचार हैं।

मॉस्को में एक कार्यक्रम के दौरान पुतिन ने कहा कि भारत और रूस के बीच अच्छे और मैत्रीपूर्ण संबंध होने के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी हर बार यूक्रेन संघर्ष को समाप्त करने की आवश्यकता पर जोर देते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी इस संघर्ष के समाधान के लिए ऐसे रास्ते तलाशने में रुचि रखते हैं, जो दोनों पक्षों के लिए स्वीकार्य हों।

पुतिन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी इस मामले में तटस्थ रुख रखते हैं, लेकिन उनकी प्राथमिकता संघर्ष को जल्द से जल्द समाप्त करना है। रूसी राष्ट्रपति ने मोदी के प्रयासों के लिए आभार जताते हुए कहा कि रूस शांतिपूर्ण माध्यमों से संघर्ष खत्म करने की उनकी इच्छा की सराहना करता है।

संवाद और कूटनीति पर भारत का जोर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार रूस-यूक्रेन संघर्ष के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति को प्राथमिकता देने की बात कहते रहे हैं। जापानी समाचार पत्र ‘योमिउरी शिंबुन’ को दिए एक साक्षात्कार में मोदी ने कहा था कि भारत ने संघर्ष को लेकर सिद्धांत आधारित और मानवीय रुख अपनाया है।

मोदी ने कहा था कि रूस और यूक्रेन दोनों के साथ भारत के अच्छे संबंध हैं और इन संबंधों के माध्यम से वह शांति की दिशा में किए जा रहे सार्थक प्रयासों को मजबूत करने में योगदान दे सकता है। उन्होंने संघर्ष के जल्द और स्थायी समाधान की आवश्यकता पर भी जोर दिया था।

भारत का रुख लगातार यही रहा है कि रूस और यूक्रेन के बीच विवाद का समाधान बातचीत और कूटनीति के माध्यम से होना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी कई मौकों पर दोनों पक्षों के बीच संवाद की आवश्यकता दोहरा चुके हैं।