डेस्क : उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत करीब 70 हजार शिक्षकों को दिवाली से पहले पदोन्नति का तोहफा मिल सकता है। करीब 10 वर्षों से प्रमोशन का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए बेसिक शिक्षा परिषद ने प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की है। वर्ष 2016 के बाद से परिषदीय विद्यालयों में बड़े स्तर पर शिक्षकों की पदोन्नति नहीं हुई है।
बेसिक शिक्षा परिषद ने सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को शिक्षकों की वरिष्ठता सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। जिलों को तीन सप्ताह के भीतर वरिष्ठता सूची तैयार कर परिषद कार्यालय भेजनी होगी। वरिष्ठता सूची भेजने की अंतिम तारीख 23 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इसके बाद नवंबर से पदोन्नति की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है।
पदोन्नति के तहत प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक अथवा उच्च प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर पदोन्नति दी जा सकती है। वहीं, प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों को उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के पद पर पदोन्नति मिलने का रास्ता साफ हो सकता है।
प्रदेश में करीब 3.30 लाख परिषदीय शिक्षक कार्यरत हैं। इनमें से लगभग 70 हजार शिक्षकों को पदोन्नति का लाभ मिलने की संभावना है। लंबे समय से प्रमोशन की प्रतीक्षा कर रहे शिक्षकों के लिए यह प्रक्रिया महत्वपूर्ण मानी जा रही है।








