जयपुर के होटल में नर्सिंग छात्र की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

0

जयपुर: राजधानी जयपुर के गांधी नगर रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल में 32 वर्षीय नर्सिंग छात्र प्रकाश खींची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। होटल के कमरे में उसका शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कमरे से कथित तौर पर एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसके आधार पर पुलिस प्रथमदृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, प्रकाश दो दिन पहले परिवार को बताए बिना आगरा से जयपुर आया था। वह बजाज नगर इलाके के एक होटल में ठहरा हुआ था। बुधवार शाम होटल के कमरे में उसका शव मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच के साथ आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

हालांकि, मृतक के परिजनों ने आत्महत्या की बात से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के भाई और अधिवक्ता विक्रम खींची ने पुलिस में शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का आरोप है कि कुछ लोगों ने प्रकाश से नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ी रकम ली थी। रकम वापस मांगने को लेकर विवाद के बाद उसकी हत्या कर दी गई और घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार को मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में वकील बजाज नगर थाने पहुंचे। उन्होंने मामले की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही होटल कर्मचारियों और मृतक के संपर्क में रहे लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।