स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। शनिवार को खेले गए पुरुष क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 19 रनों से हराया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के सामने 212 रनों का लक्ष्य रखा था। जवाब में पाकिस्तान की टीम निर्धारित ओवरों में छह विकेट गंवाकर 192 रन ही बना सकी।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने शुरुआत संभलकर की। कप्तान साहिबजादा फरहान और माज सदाकत ने पहले विकेट के लिए 33 रन जोड़े। हालांकि, चौथे ओवर में वॉशिंगटन सुंदर ने फरहान को 11 गेंदों में 10 रन के निजी स्कोर पर आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई।
इसके बाद पाकिस्तान की पारी लड़खड़ा गई और उसका स्कोर तीन विकेट पर 39 रन हो गया। अक्षर पटेल ने पांचवें ओवर में विकेटकीपर उसमान खान को 6 गेंदों में 3 रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा। इसके बाद सातवें ओवर में उन्होंने माज सदाकत का भी विकेट हासिल किया। सदाकत ने 18 गेंदों में 23 रन बनाए, जिसमें तीन चौके शामिल रहे।
हालांकि, इसके बाद हसन नवाज और सईम अयूब ने पारी को संभालते हुए चौथे विकेट के लिए 87 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। इस साझेदारी को शिवम दुबे ने 15वें ओवर में तोड़ा। सईम अयूब 22 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद पाकिस्तान की टीम पर दबाव बढ़ता गया। अब्दुल समद ने 9 गेंदों में 9 रन बनाए, लेकिन 18वें ओवर में वॉशिंगटन सुंदर ने उन्हें भी पवेलियन भेज दिया। अंततः पाकिस्तान की टीम 192 रन तक ही पहुंच सकी और भारत ने 19 रनों से जीत दर्ज करते हुए एशियन गेम्स 2026 का गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।








