दिल्ली की सियासत में बड़ा बदलाव, प्रियंका कक्कड़ ने थामा कांग्रेस का हाथ

0

डेस्क : आम आदमी पार्टी (AAP) की प्रमुख प्रवक्ता रहीं प्रियंका कक्कड़ ने शनिवार को पार्टी छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। कक्कड़ लंबे समय से टीवी डिबेट और सार्वजनिक मंचों पर आम आदमी पार्टी का पक्ष रखती रही हैं। उनके कांग्रेस में शामिल होने के साथ रजत राकेश टंडन और पूर्व विधायक श्याम सुंदर शर्मा ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।

प्रियंका कक्कड़ ने कांग्रेस में शामिल होने के बाद अपने राजनीतिक फैसले को लेकर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि वह ऐसी स्थिति में पहुंच गई थीं, जहां उनके लिए अपनी पूर्व पार्टी के कुछ फैसलों और कार्यशैली का बचाव करना संभव नहीं रह गया था। उन्होंने AAP के शुरुआती दौर और बाद के बदलावों का भी जिक्र किया।

कक्कड़ ने दिल्ली को लेकर अपनी प्राथमिकताओं पर भी बात रखी। उन्होंने कहा कि वह ऐसी दिल्ली देखना चाहती हैं जो हरित, स्वच्छ, प्रगतिशील और सुरक्षित हो। उन्होंने कांग्रेस के नेता राहुल गांधी की राजनीतिक शैली की भी प्रशंसा की और उन्हें अपनी बात खुलकर रखने वाला नेता बताया।

प्रियंका कक्कड़ वर्ष 2013 में आम आदमी पार्टी से जुड़ी थीं। पार्टी में उन्होंने अलग-अलग संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभालीं। अप्रैल 2023 में उन्हें AAP का राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया था। इससे पहले वह तेलंगाना की पर्यवेक्षक, दक्षिण दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की लीगल हेड और राज्यसभा सांसद संजय सिंह की सलाहकार जैसी जिम्मेदारियां भी निभा चुकी थीं।

कक्कड़ के कांग्रेस में शामिल होने को दिल्ली की राजनीति में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, इस कदम का आगामी राजनीतिक समीकरणों पर क्या प्रभाव पड़ेगा, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।