आज फिर बरसेगा आसमान, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

0

नई दिल्ली :देश के कई हिस्सों में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियों का पूर्वानुमान जारी किया है। पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। दिल्ली और हरियाणा के लिए 5 और 6 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

राजस्थान में फिर सक्रिय हुआ मानसून

राजस्थान में भी मानसून की गतिविधियां तेज हुई हैं। पूर्वी राजस्थान में 5 सितंबर को बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है, जबकि पश्चिमी राजस्थान में भी कुछ इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

बिहार और पूर्वोत्तर में भी बारिश

आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक बिहार में 5 से 8 सितंबर तक अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 5 से 8 सितंबर के दौरान भारी बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भी बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव, यातायात प्रभावित होने और निचले क्षेत्रों में परेशानी बढ़ने की आशंका है। बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।