डेस्क : अपनी जनता पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य रविवार को अचानक रामपुर पहुंचे और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने आजम खान की पत्नी डॉ. तजीन फातिमा से करीब 45 मिनट तक बातचीत कर परिवार का हालचाल जाना।
मुलाकात के बाद मौर्य ने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि आजम खान और उनके परिवार के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध के कारण इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।
राहुल गांधी से मुलाकात के बाद रामपुर पहुंचे मौर्य
स्वामी प्रसाद मौर्य की रामपुर यात्रा ऐसे समय हुई है, जब वह इससे एक दिन पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी से भी मुलाकात कर चुके हैं। इसके बाद आजम खान के परिवार से उनकी मुलाकात ने उत्तर प्रदेश की सियासत में चर्चाओं को और तेज कर दिया है। हालांकि मौर्य ने रामपुर दौरे को शिष्टाचार मुलाकात बताया और कहा कि वह परिवार का हालचाल जानने के लिए पहुंचे थे।
तजीन फातिमा ने भी रखी बात
मुलाकात के बाद तजीन फातिमा ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य के आने से उन्हें अच्छा लगा। उनके अनुसार, मौर्य ने आजम खान और अब्दुल्ला आजम की कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने इस मुलाकात को पारिवारिक और शिष्टाचार से जुड़ी मुलाकात बताया।
मौर्य ने इस दौरान चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए और केंद्र तथा प्रदेश सरकार की नीतियों की आलोचना की। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए मौर्य की राहुल गांधी और इसके बाद आजम खान के परिवार से हुई मुलाकातों को उत्तर प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।








