डेस्क : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने बुधवार को रामपुर जिला जेल में पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम से मुलाकात की। करीब एक घंटे चली मुलाकात के बाद शिवपाल यादव ने आजम खान के साथ कथित तौर पर हुए व्यवहार को लेकर सरकार पर निशाना साधा और कहा कि सपा की सरकार बनने पर उनके साथ हुए एक-एक जुल्म और अत्याचार का बदला लिया जाएगा।
शिवपाल यादव ने आरोप लगाया कि आजम खान काफी तकलीफ में हैं। उन्होंने कहा कि इतने बड़े नेता को जमीन पर लिटाया जा रहा है तथा उन्हें दवा और कपड़े तक उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। शिवपाल ने कहा कि आजम खान के साथ हुए अत्याचार के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और षड्यंत्रकारियों के खिलाफ सत्ता में आने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आजम खान को गृह मंत्री बनाने का दावा
मुलाकात के बाद शिवपाल यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आजम खान को प्रदेश का गृह मंत्री बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आजम खान समाजवादी पार्टी के साथ थे और आगे भी पार्टी के साथ रहेंगे।
शिवपाल ने बताया कि जेल में आजम खान ने अखिलेश यादव को पूरे उत्तर प्रदेश का दौरा करने और जनता के बीच जाकर सपा की सरकार बनाने के लिए माहौल तैयार करने का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना पार्टी का मुख्य लक्ष्य है और इसके लिए संगठन को मजबूत करने के साथ जनता के बीच लगातार संपर्क बढ़ाया जाएगा।
आजम के परिवार से भी मिले
जेल में मुलाकात के बाद शिवपाल यादव आजम खान के घर पहुंचे और उनकी पत्नी एवं पूर्व सांसद तंजीन फात्मा तथा बड़े बेटे अदीब आजम से भी मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचकर विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक की।
शिवपाल यादव ने कहा कि तमाम मुश्किलों के बावजूद आजम खान ने हिम्मत नहीं हारी है। उन्होंने दावा किया कि पूरी समाजवादी पार्टी आजम खान के साथ खड़ी है।
भाजपा और आरएसएस पर भी निशाना
शिवपाल यादव ने इस दौरान भाजपा और आरएसएस पर भी निशाना साधा। उन्होंने मंदिर के चढ़ावे को लेकर आरोप लगाए और पेपर लीक सहित कई मुद्दों पर सरकार को घेरा। इससे पहले मंगलवार को उन्होंने कहा था कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर संभल दंगे से जुड़े मुकदमों की समीक्षा कर उन्हें वापस लेने पर विचार किया जाएगा।








