आर.एन. काओ की कहानी बड़े पर्दे पर, करण जौहर ने किया फिल्म का ऐलान

0

डेस्क : फिल्म निर्माता करण जौहर ने भारत की बाहरी खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (R&AW) के संस्थापक और पहले प्रमुख रहे रामेश्वर नाथ काओ (आर.एन. काओ) के जीवन पर फिल्म बनाने का ऐलान किया है। यह फिल्म 11 अगस्त 2028 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की घोषणा 21 सितंबर को R&AW की स्थापना के 58 वर्ष पूरे होने के मौके पर की गई।

करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस और लियो मीडिया कलेक्टिव मिलकर इस फिल्म का निर्माण करेंगे। अभी फिल्म का शीर्षक तय नहीं किया गया है। फिल्म में आर.एन. काओ की भूमिका कौन निभाएगा और निर्देशक कौन होगा, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

यह फिल्म पत्रकार और रणनीतिक मामलों के विशेषज्ञ नितिन गोखले की किताब ‘आर.एन. काओ: जेंटलमैन स्पाईमास्टर’ पर आधारित होगी। कहानी में 1955 से 1971 तक की घटनाओं को शामिल किए जाने की जानकारी है। इसमें R&AW के गठन की पृष्ठभूमि और 1971 के युद्ध के दौरान एजेंसी के पहले मिशन पर भी फोकस किया जाएगा।

करण जौहर ने फिल्म की घोषणा करते हुए आर.एन. काओ को ऐसे व्यक्ति के रूप में याद किया, जिन्होंने पर्दे के पीछे रहकर उस संस्था की नींव तैयार की, जिसे आज R&AW के नाम से जाना जाता है। निर्माताओं के मुताबिक, लियो मीडिया कलेक्टिव पिछले दो वर्षों से इस कहानी पर शोध और पटकथा विकास का काम कर रहा है।

गौरतलब है कि इस प्रोजेक्ट की घोषणा पहली बार 2020 में की गई थी। करीब छह साल बाद अब फिल्म की आधिकारिक रिलीज डेट सामने आई है।