डेस्क : अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच तालिबान ने पाकिस्तान को सख्त चेतावनी दी है। तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा है कि अफगानिस्तान पर किसी भी तरह का सैन्य हमला या उसकी संप्रभुता का उल्लंघन किया गया तो उसका जवाब दिया जाएगा।
मुजाहिद ने एक साक्षात्कार में कहा कि यदि पाकिस्तान अफगान क्षेत्र में कार्रवाई करता है तो अफगानिस्तान को अपनी संप्रभुता की रक्षा करने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि काबुल अपनी क्षेत्रीय अखंडता और सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी बाहरी हस्तक्षेप को स्वीकार नहीं करेगा।
तालिबान ने पाकिस्तान के उन आरोपों को भी खारिज किया है, जिनमें अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ आतंकी गतिविधियों के लिए किए जाने की बात कही जाती रही है। मुजाहिद ने कहा कि तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) को अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ हमलों के लिए करने की अनुमति नहीं दी जाती।
उन्होंने दोनों देशों के बीच जारी तनाव को बातचीत और सहयोग के जरिए कम करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। मुजाहिद के मुताबिक, सुरक्षा संबंधी विवादों के समाधान के लिए दोनों पक्षों के बीच खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान और बेहतर समन्वय की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने दोनों देशों के बीच मध्यस्थता के प्रयासों में सऊदी अरब की भूमिका का भी स्वागत किया।
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा सुरक्षा और आतंकवाद के मुद्दे पर लंबे समय से मतभेद रहे हैं। पाकिस्तान लगातार अफगानिस्तान पर टीटीपी से जुड़े आतंकवादियों को शरण देने और उसकी जमीन से गतिविधियां संचालित होने का आरोप लगाता रहा है। तालिबान इन आरोपों से इनकार करता रहा है। ताजा बयान के बाद दोनों देशों के बीच तनाव के बीच कूटनीतिक और सुरक्षा स्तर पर बातचीत की जरूरत एक बार फिर सामने आई है।








