डेस्क : अभिनेता अजय देवगन अब टीवी के लोकप्रिय क्राइम शो ‘क्राइम पेट्रोल’ की मेजबानी करते नजर आएंगे। वह लंबे समय तक शो का चेहरा रहे अनूप सोनी की जगह लेंगे। अजय देवगन ने नए सीजन के लिए 15 एपिसोड की शूटिंग पूरी कर ली है।
अजय देवगन ने सोमवार को सोशल मीडिया पर नए सीजन का प्रोमो साझा कर शो से जुड़ने की आधिकारिक जानकारी दी। नए सीजन का नाम ‘क्राइम पेट्रोल 2026 – क्राइम का करंट सीजन’ रखा गया है और इसका प्रसारण 31 अगस्त से शुरू होने की जानकारी सामने आई है।
दर्शकों के रिस्पॉन्स पर तय होगा आगे का सफर
रिपोर्ट के मुताबिक अजय देवगन ने फिलहाल 15 एपिसोड शूट किए हैं। आगे वह शो की मेजबानी जारी रखेंगे या नहीं, यह दर्शकों की प्रतिक्रिया और टीआरपी पर निर्भर करेगा। यानी शुरुआती एपिसोड के प्रदर्शन के आधार पर उनकी आगे की भूमिका तय हो सकती है।
राजेश तैलंग भी करेंगे होस्टिंग
अजय देवगन के साथ अभिनेता राजेश तैलंग भी नए सीजन के कुछ एपिसोड होस्ट करते नजर आ सकते हैं। उनके एपिसोड की संख्या अभी तय नहीं हुई है। शो में अजय की लोकप्रियता और दर्शकों की प्रतिक्रिया के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
अजय देवगन का ‘क्राइम पेट्रोल’ से जुड़ना टीवी होस्टिंग की दुनिया में उनका नया कदम है। शो के पुराने और लोकप्रिय होस्ट अनूप सोनी के साथ दर्शकों की लंबी पहचान रही है, ऐसे में अजय के अंदाज में ‘क्राइम पेट्रोल’ का नया सीजन कितना पसंद किया जाता है, इस पर नजर रहेगी।








