अमेरिका में भारतीय-अमेरिकी महिला टेक अधिकारी की हत्या से सनसनी

0

डेस्क : अमेरिका के जॉर्जिया राज्य में घरेलू हिंसा की कथित घटना में भारतीय-अमेरिकी महिला और गूगल की वरिष्ठ टेक्नोलॉजी अधिकारी शीटल व्रजेसियन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना में उनका 23 वर्षीय बेटा जेसन भी घायल हो गया। पुलिस ने मामले में महिला के पति किर्क बी. व्रजेसियन (56) को गिरफ्तार किया है।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कॉब काउंटी पुलिस को मंगलवार रात करीब 8 बजे स्माइर्ना शहर स्थित एक घर में गोलीबारी की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को 57 वर्षीय शीटल व्रजेसियन घर के अंदर गोली लगी हालत में मिलीं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि घर के बाहर शीटल के बेटे जेसन व्रजेसियन भी गोली लगने से घायल अवस्था में मिले। आपातकालीन कर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। उनकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति के बारे में अधिकारियों ने कोई जानकारी साझा नहीं की है।

पति पर हत्या समेत कई आरोप

पुलिस के मुताबिक, आरोपी किर्क व्रजेसियन मृतका के पति और घायल जेसन के पिता हैं। उनके खिलाफ हत्या, गंभीर हमले और अपराध के दौरान हथियार रखने सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को कॉब काउंटी एडल्ट डिटेंशन सेंटर में बिना जमानत के रखा गया है।

अधिकारियों ने इस घटना को घरेलू हिंसा का मामला बताया है और कहा है कि आम लोगों के लिए अब कोई खतरा नहीं है। हालांकि, गोलीबारी के पीछे की वजह और संभावित विवाद की जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

टेक्नोलॉजी जगत में पहचान रखती थीं शीटल

शीटल व्रजेसियन गूगल में इंजीनियरिंग लीडर के पद पर कार्यरत थीं और उनके पास तकनीकी क्षेत्र में दो दशक से अधिक का अनुभव था। इससे पहले उन्होंने HomeDepot.com में मोबाइल और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स का नेतृत्व किया था।

अपने करियर के दौरान उन्होंने वेदर टेक्नोलॉजी, फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी, ई-कॉमर्स, मोबाइल और वेब टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभाईं। वह रणनीतिक नेतृत्व और संगठनात्मक बदलाव के लिए जानी जाती थीं।

इंग्लैंड, भारत और घाना में पली-बढ़ीं शीटल ने अमेरिका आकर जॉर्जिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की थी। वह दो सॉफ्टवेयर पेटेंट की नामित आविष्कारक भी थीं। इसके अलावा वह जॉर्जिया टेक कॉलेज ऑफ कंप्यूटिंग की एडवाइजरी बोर्ड सदस्य और जॉर्जिया टेक एलुमनी एसोसिएशन के बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज की सदस्य भी रह चुकी थीं।