बातचीत करनी है तो जंतर-मंतर आए सरकार या पुलिस: CJP प्रमुख अभिजीत दीपके

0

नई दिल्ली : दिल्ली में CJP प्रदर्शनकारियों का धरना जारी है। जंतर-मंतर से पुलिस द्वारा टेंट, मंच और अन्य सुविधाएं हटाए जाने के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने देर रात फिर वहां पहुंचकर धरना शुरू कर दिया। इसी बीच CJP प्रमुख अभिजीत दीपके ने सरकार और पुलिस के सामने बातचीत को लेकर नई शर्त रखी है।

अभिजीत दीपके ने कहा कि यदि सरकार या पुलिस प्रदर्शनकारियों से बातचीत करना चाहती है तो उन्हें जंतर-मंतर आकर बातचीत करनी होगी। इससे पहले CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने बताया कि वह और सौरभ दास केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मिलने उनके आवास पर पहुंचे थे। उनके अनुसार, करीब दो घंटे इंतजार के बाद मुलाकात हुई और प्रदर्शनकारियों की मांगें सरकार के सामने रखी गईं।

रांका ने दावा किया कि मंत्री की ओर से वरिष्ठ नेतृत्व से बातचीत कर उन्हें जानकारी देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई संदेश नहीं मिला है। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, सोनम वांगचुक की रिहाई और आत्महत्या करने वाले NEET छात्रों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग उठाई है।

संसद मार्च को रोके जाने के बाद पुलिस ने जंतर-मंतर स्थित प्रदर्शन स्थल को खाली करा दिया था और वहां लगाए गए टेंट, बैनर, पोस्टर व अन्य सामान हटा दिया था। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी दोबारा वहां पहुंच गए। CJP स्वयंसेवकों ने फिर से मंच तैयार करने की बात कही है। वहीं, पुलिस ने कहा है कि BNSS की धारा 163 के तहत जंतर-मंतर के अलावा अन्य स्थानों पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं है।