बीसीसीआई की हाई लेवल बैठक से अगरकर नदारद, क्या गई कुर्सी? बोर्ड ने दिया जवाब

0

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की हाई लेवल समीक्षा बैठक में मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर की गैरमौजूदगी ने क्रिकेट जगत में चर्चाओं को जन्म दे दिया। बैठक में भारतीय क्रिकेट टीम के प्रदर्शन, खिलाड़ियों के वर्कलोड, चोटों और भविष्य की रणनीति पर अहम चर्चा हुई। हालांकि, अगरकर के बैठक में शामिल नहीं होने से उनके पद को लेकर सवाल उठने लगे।

बैठक में बीसीसीआई के शीर्ष पदाधिकारियों के अलावा भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर, कप्तान शुभमन गिल और उपकप्तान श्रेयस अय्यर समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। ऐसे में चयन समिति के प्रमुख अजित अगरकर की अनुपस्थिति पर विशेष ध्यान गया।

हालांकि, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने अगरकर की गैरमौजूदगी को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि बैठक कम समय के नोटिस पर बुलाई गई थी और उस समय अगरकर शहर से बाहर थे। वहां इंटरनेट कनेक्टिविटी भी उपलब्ध नहीं थी, जिसके कारण वह ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल नहीं हो सके।

सैकिया ने यह भी स्पष्ट किया कि अगरकर की गैरमौजूदगी का उनके पद या चयन समिति में संभावित बदलाव से कोई संबंध नहीं है। बैठक में अगरकर को हटाने या चयन समिति में बदलाव को लेकर कोई फैसला नहीं हुआ।

बैठक का एक प्रमुख मुद्दा भारतीय क्रिकेट की आगामी योजनाएं और खिलाड़ियों का वर्कलोड मैनेजमेंट रहा। 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए टीम की तैयारी, खिलाड़ियों की फिटनेस और चोटों से बचाव को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद अजित अगरकर की कुर्सी जाने की चर्चाओं पर फिलहाल विराम लग गया है। उनकी बैठक में अनुपस्थिति को लेकर बीसीसीआई की ओर से दी गई सफाई से संकेत मिलता है कि मुख्य चयनकर्ता के पद पर फिलहाल किसी बदलाव का आधिकारिक फैसला नहीं हुआ है।